अंबेडकरनगर। माफिया डॉन खान मुबारक के मुन्ना बजरंगी से करीबी संबंध रहे हैं। सुल्तानपुर जेल में बंद रहने के दौरान दोनों डॉन की दोस्ती के चर्चे जिले में खूब रहा। पुलिस सूत्रों की मानें तो बजरंगी की दोस्ती के बाद खान मुबारक का रुतबा और बढ़ गया था। पूर्वांचल के माफिया गिरोहों में उसकी अच्छी पकड़ हो गई। दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने का माहिर खान कम समय में मुबारक माफिया मुन्ना बजरंगी का करीबी हो गया। खान मुबारक को मुन्ना के नेटवर्क का लाभ मिला और उसने अपने गैंग का विस्तार किया। अब मुन्ना की हत्या के बाद पुलिस ने जिले में हाई-अलर्ट घोषित कर दिया है। एसपी ने खान मुबारक के गुर्गों की गतिविधियों पर चौकसी बढ़ा दी है। साथ ही संदिग्धों की धरपकड़ अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
जिले के हंसवर थाना क्षेत्र का निवासी माफिया खान मुबारक हत्या व रंगदारी जैसे मामलों के लिए कुख्यात है। वह इस समय सुल्तानपुर जेल में बंद है। कुछ दिन पूर्व सुल्तानपुर जेल में मुन्ना बजरंगी भी पहुंचा। वहां दोनों एक ही बैरक में साथ रहे। दोनों की दोस्ती जेल में मशहूर थी। मुन्ना की दोस्ती की धमक पूर्वांचल समेत अंबेडकरनगर में खास रही। लंबे समय से जेल में रहने की वजह से खान मुबारक पैसों से कमजोर हो गया था। इसलिए उसने मुन्ना के नेटवर्क का लाभ उठाया और अपने गैंग का विस्तार कर रंगदारी, हत्या व लूट जैसे संगीन अपराध में लिप्त हो गया। खान मुबारक इलाहाबाद व अंबेडकरनगर समेत कई जनपदों में हत्या, लूट व रंगदारी जैसे मामलों में शामिल रहा है।
रंगदारी वसूलने का ये वीडियो रहा चर्चित
बसखारी के एक व्यापारी के सिर पर बोतल रखकर पिस्टल से निशाना लगाने और ठहाका लगाने जैसी घटना का वीडियो वायरल होने के मामले में वह खासा चर्चित रहा था। जेल में रहकर भी उसके द्वारा लगातार रंगदारी मांगने तथा भूमि पर कब्जा करने आदि के आरोप लगते रहे हैं। बसपा नेता जुर्गाम मेंहदी पर हमला कराने के मामले में पुलिस ने माफिया व उसके गुर्गों के विरुद्ध केस दर्ज किया था। माफिया खान मुबारक का बड़ा भाई जफर सुपारी अंडरवर्ड का बदमाश रहा है। आजीवन कारावास की सजा पाने के चलते वह मुंबई में बंद है। मुंबई के प्रसिद्ध काला घोड़ा शूट आउट कांड में जफर सुपारी शामिल रहा है। बड़े भाई के नक्शे कदम पर चलते हुए ही खान मुबारक ने जरायम की दुनिया में तेजी से कदम रखा। जल्द ही नाम कमाने के चक्कर में उसने मुन्ना बजरंगी जैसे माफियाओं से भी संबंध स्थापित कर लिया।
-
खान मुबारक के मुन्ना बजरंगी के करीबी संबंध के चलते जिले में हाई-अलर्ट कर दिया गया है। मुन्ना बजरंगी व खान मुबारक से जुड़े बदमाशों को चिह्नित कर धर पकड़ करने के निर्देश दिए गए हैं। - संतोष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक