राजेसुल्तानपुर/जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। किराना व्यवसायी राकेश हत्याकांड में बृहस्पतिवार को फोरेंसिक टीम ने मौके पर जायजा लिया और महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए। सीओ सदर के नेतृत्व में एक टीम ने परिवार के सदस्यों का बयान दर्ज किया। वारदात के दो दिन बाद पुलिस राकेश के हत्यारों का सुरागकसी नहीं कर सकी। हालांकि, एसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें गठित की है। शक के आधार पर टीमें हत्यारों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, सीओ सदर ने व्यवसायी के परिवारीजनों से मुलाकात कर कार्रवाई कीी जानकारी दी और जल्द खुलासे का दावा किया।
बीते दो दिन पहले पदुमपुर में किराना व्यवसायी राकेश जायसवाल की गोली मारकर हुई हत्या के बाद हुए उपद्रव में ही जिले की पुलिस उलझकर रह गई है। बृहस्पतिवार को एसपी ने हत्या मामले में जांच पर अपना मुख्य फोकस किया। एसपी ने मुख्यालय से चार सदस्यीय फोरेंसिक टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा। फोरेंसिक टीम ने अपराह्न दिवंगत व्यवसायी के घर पहुंचकर हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए। टीम ने बड़ी बारीकी से घटना स्थल की जांच की। विधिवत ढंग से की गई छानबीन व तथ्य संकलन की प्रक्रिया को देखने के लिए आसपास के लोग भी बड़ी तादाद में जुटे रहे।
यही नहीं सीओ सदर धर्मेंद्र सचान ने अलग से तथ्य संकलन कर पीड़ित परिवारीजनों से मुलाकात कर बयान दर्ज किया। साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द से जल्द गिरफ्तारी तय की जाएगी। बाद में जिला मुख्यालय पर पहुंची दोनों टीमों के साथ एसपी ने एक बार फिर से बैठक की और हत्यारों तक पहुंचने के लिए रणनीति बनाई। देर शाम एसपी ने बताया कि मामले में कुल आठ टीमों का गठन कर दिया गया है। यह सभी टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में हत्यारों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा, बदमाशों की गिरफ्तारी पुलिस का पहला लक्ष्य है। इसके लिए यदि अतिरिक्त टीमों का गठन करना पड़ा, तो वह निर्णय भी लिया जाएगा।
संदिग्धों की आई सामत
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने क्षेत्र के तमाम संदिग्धों की सामत आई है। आपराधिक किस्म के लोगों को पकड़कर पूछताछ की कार्य योजना बनाई गई है, जिससे उनसे इस घटना को लेकर जरूरी जानकारी प्राप्त की जा सके। राजेसुल्तानपुर थाने के साथ साथ जहांगीरगंज थाने की पुलिस को भी इस काम में लगाया गया है, जबकि आठ अन्य टीम भी इस दिशा में लगातार काम कर रही हैं।
व्यापारी के परिवार को मिले 50 लाख मुआवजा
सपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हीरालाल यादव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राममूर्ति वर्मा के नेतृत्व में सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को पदुमपुर पहुंचकर पीड़ित परिवारीजनों से मुलाकात की। सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है। परिवार को ढांढस बंधाने के बाद सपा नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा अविलंब देना चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार को आगे आना होगा। समाजवादी पार्टी व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी। बाजार के लोगों व पीड़ित परिवार के सदस्यों की अकारण पिटाई पर आक्रोश प्रकट करते हुए कहा गया कि इस मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी हैं, उनका अविलंब निलंबन किया जाए। कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सपा नेताओं ने कहा कि यदि इन मांगों को पूरा न किया गया, तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक भीम प्रसाद सोनकर, सपा नेता अजीत यादव, हाजी अकमल, बलिराम गौतम, आनंद वर्मा, संदीप सिंह व सन्नी आदि मौजूद रहे।