अंबेेडकरनगर। शोहदे द्वारा साथियों के साथ पीड़िता के घर पर धावा बोलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संतोष कुमार मिश्र ने शनिवार को महरुआ थानाध्यक्ष रहे वासुदेव राणा को लाइन हाजिर कर दिया। नई तैनाती के साथ ही बेवाना में भी नया थानाध्यक्ष तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले महरुआ थाना अंतर्गत हीड़ी पकडिया गांव में छेड़खानी मामले में जेल से छूट कर आए शोहदे ने साथियों के साथ पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया था। इसमें युवती के पिता को गंभीर चोटें आई थीं। घटना को लेकर ग्रामीणों में इस तरह आक्रोश पनपा था कि रात में ही कई थानों की फोर्स को मौके पर पहुंचना पड़ा था। मामले में शोहदे समेत कुल पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया था। घटना को लेकर एसपी संतोष कुमार मिश्र ने सख्त एक्शन के निर्देश दिए थे। उन्होंने जहां सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं स्थानीय पुलिस की भूमिका के बारे में भी विस्तृत जानकारी हासिल की। इसमें लापरवाही पाए जाने पर एसपी संतोष कुमार मिश्र ने शनिवार को एसओ महरुआ रहे वासुदेव राणा को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर बेवाना थाने के प्रभारी रहे दिनेश कुमार यादव को थाने की कमान सौंपी। एसएसआई इब्राहिमपुर रहे संतोष कुमार गौड़ को बेवाना थाने का प्रभारी बनाया गया। एसपी ने कहा कि कानून को चुस्त-दुरुस्त रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।