अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के तिरकारपुर गांव में बालू खनन को लेकर हुए विवाद के बीच शुक्रवार को एक आडियो टेप वायरल हुआ। इसमें खनन का पट्टा लेने वाले लोगों से अवैध उगाही की बातचीत सामने आई है। इस बीच युवा भाजपा नेता शुभम सिंह ने अपहरण व मारपीट मामले में नामजद लोगों के अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। कहा है कि ऐसा न होने पर मामला शासन तक ले जाया जाएगा।
तिरकारपुर गांव में बालू खनन को लेकर विवाद की स्थिति खड़ी हो गई है। कृषि भूमि पर खुदाई का पट्टा लेने वाले लोगों के मुताबिक उनसे अवैध उगाही का प्रयास किया जा रहा है। अलग अलग लोग इसीलिए लगातार दबाव बनाते आ रहे हैं। इससे पहले हंसवर थाना क्षेत्र के ही युवा भाजपा नेता शुभम सिंह पालीवाल ने थाने में दर्ज कराए केस में कहा था कि उनके द्वारा अवैध बालू खनन का विरोध करने पर उनका अपहरण कर लिया गया और पिटाई कर लेने के साथ धमकी दी गई। शुभम ने शुक्रवार को इस मामले में सभी नौ आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी तय करने की आवाज उठाई। कहा कि ऐसा नहीं हुआ, तो शासन में शिकायत होगी। इस बीच शुक्रवार को एक आडियो टेप भी वायरल हुआ, जिसमें खनन के बदले लगभग तीन सौ ट्रॉली बालू आदि की मांग की जा रही। इसके साथ ही हंसवर थाने में एक डम्पर व ट्रैक्टर ट्रॉली में तोड़फोड़ करने को लेकर तहरीर भी दी गई। पूरे प्रकरण में शुक्रवार को एसपी संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं, उनकी विवेचना सुनिश्चित की जा रही है। फिलहाल उन्हें कोई टेप नहीं मिला है।