बसखारी (अंबेडकरनगर)। कस्बे के राम जानकी गली में शुक्रवार सुबह सांड़ ने गाय को बचाने आई भानमती देवी (62) पर हमला कर दिया। हमले में सांड़ ने करीब बीस मिनट तक वृद्धा को दौड़ा-दौड़ाकर अधमरा कर दिया। बामुश्किल लोगों ने वृद्धा को बचाया और एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर वालों ने पुलिस से वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम कराने की सिफारिश की, मगर संवेदनहीन पुलिस ने उन्हें चार घंटे दौड़ाते रहे। परेशान होकर पीड़ित परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। नाराज परिवारीजनों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर करने के साथ एसपी से मिलकर शिकायत करने की बात कही।
बसखारी कस्बे में शुक्रवार सुबह 6 बजे राम जानकी गली में एक गाय को बचाने के प्रयास में राम प्रकाश त्रिपाठी की वृद्ध मां भानमती देवी को एक सांड़ ने हमला कर दिया। हमले में सांड़ ने करीब बीस मिनट तक वृद्धा को दौड़ा-दौड़ाकर लहूलुहान कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। बामुश्किल लोगों ने वृद्धा को बचाया और उन्हें एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने थाने पहुंचकर पोस्टमार्टम के लिए प्रार्थना पत्र दिया, मगर पुलिस टालमटोल करती रही। बाद में पुलिस ने कहा कि तहरीर लिखकर दो कि भानवती देवी की मौत खुद गिर कर हुई है। ऐसा करने से मना करने पर पुलिस चार घंटे परिवारीजनों को दौड़ाती रही। इस दौरान महिला का शव घर पर ही पड़ा रहा। बाद में परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के ही कर दिया। बाद में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी।
साड़ के हमले में महिला की मौत के मामले को लेकर कुछ लोग आए थे। करीब पंद्रह मिनट तक थाने में रहे। पूछने पर उन लोगों ने किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं समझी और लौट गए। - संदीप सिंह, थाना प्रभारी बसखारी
सामान्य मौत में भी यदि परिवार के लोग पोस्टमार्टम चाहते हैं तो उसे कराया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ है तो यह गंभीर मामला है। मामले की जांच कराई जाएगी। - संतोष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक