तीन सौ ग्राम हेरोइन समेत दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाहरी राज्यों से हेरोइन लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले महिला समेत दो तस्करों को थाना सराभा नगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने तीन सो ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान बद्दोवाल के रहने वाले कुणाल शर्मा और उसकी महिला साथी हैबोवाल कलां के अटवाल नगर निवासी नीरू के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया। वहां से दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
थाना सराभा नगर के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुमित सूद ने बताया कि पुलिस ने जोन डी के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान आरोपी स्विफ्ट कार में जा रहे थे तो पुलिस टीम ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने कार भगा ली। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से तीन सौ ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी काफी समय से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों मिलकर नशीला पदार्थ सप्लाई करने लगे। आरोपी कुणाल खुद भी नशा करने का आदी है। वह शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के चक्कर में तस्करी का धंधा करने लगे। आरोपी बाहरी राज्यों से हेरोइन लाकर आगे सप्लाई करते थे।