अंबेडकरनगर। बाइक से वैवाहिक आयोजन में भाग लेने जा रहे एक बैंक अधिकारी तथा उसकी सास की शनिवार दोपहर अहिरौली थाना क्षेत्र में जीप से कुचलकर मौत हो गई। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार हुई महिला स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर पद से छह माह पूर्व सेवानिवृत्त हुई थी। इससे पहले शुक्रवार रात आलापुर थाना क्षेत्र में पिकअप के रौंदने से बाइक सवार एक युवक ने दम तोड़ दिया तो वहीं सम्मनपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से हुई भिड़ंत के बाद पिकअप सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। इन हादसों में आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब नेशनल बैंक की अखंडनगर शाखा में प्रोवेेशनरी ऑफीसर के तौर पर कार्यरत विकास (23) शनिवार पूर्वाह्न बाइक से अकबरपुर नगर के शास्त्रीनगर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा। फैजाबाद में आयोजित एक वैवाहिक आयोजन में भाग लेने के लिए वह अपनी सास शोभावती पाल (62) को दोपहर बाद बाइक पर बैठाकर निकल पड़ा। फैजाबाद मार्ग पर अहिरौली थाना पार करते ही टेउंवा जलालपुर के निकट सामने से आ रही मार्शल जीप ने बाइक सवार दामाद व सास को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन मौके पर चालक समेत नहीं पकड़ पाए। घेराबंदी देख चालक व अन्य लोग कुछ दूर आगे ही गाड़ी खड़ी कर भाग निकले। इस बीच बेसुध हो गए विकास व शोभावती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि अपने दामाद के साथ फैजाबाद जा रही शोभावती लगभग 6 माह पहले ही स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। अकबरपुर के शास्त्रीनगर में उन्होंने अपना आवास बनवा रखा था। उधर प्रोवेशनरी आफीसर विकास सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौरा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही दोनों के परिवारीजन भी इससे पहले जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
उधर इससे पहले शुक्रवार रात बाइक से वैवाहिक आयोजन में भाग लेने जा रहे मिर्जापुर जंगल आलापुर निवासी सचिन (25) व ढोलबजवा आलापुर निवासी विजय (26) देर रात ढोलबजवा गांव के निकट ही एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गए। इससे बाइक चला रहे विजय की मौके पर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत खतरे के बाहर है। शुक्रवार रात ही बेलापरसा बसखारी से मालीपुर थाना क्षेत्र के जाफरगंज में एक वैवाहिक आयोजन में भाग लेने जा रही बारातियों से भरी पिकअप जीप की सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकन्दरपुर हौदवा के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। पिकअप सवार रामआधार (50) निवासी बेलपरसा की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके भाई रमेशचंद्र (40) के अलावा शांति देवी (35), गीता देवी (34), गीता (30), जयहिंद (31), रामबुझारत (37) के अलावा दौलपुर टांडा निवासी गुड्डू घायल हो गए। सभी सात घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जाती है। जिला अस्पताल में मौजूद परिवारीजनों के मुताबिक हादसे में दिवंगत हुए विकास व विजय ने हेलमेट लगा रखा था।