बाराती व घराती भिड़े, पुलिस की मौजूदगी में हुआ विवाह
जहांगीरगंज। सजावट के लिए लगे गुब्बारे को फोड़ने को लेकर शुक्रवार रात जगदीशपुर गांव में घरातियों व बारातियों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। तब जाकर शादी का कार्यक्रम सम्पन्न हो सका। घटना से गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार जहांगीरगंज क्षेत्र में जगदीशपुर निवासी मुन्नर यादव के घर शुक्रवार को इलाके के अन्नापुर गांव से बारात आयी थी। रात में द्वार पूजा के लिए जाते समय डीजे पर डांस को लेकर वर व वधू पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर विवाद शांत करा दिया।
इसके बाद बारात दरवाजे पर पहुंची तो कुछ बारातियों ने सजावट के लिए लगाए गए गुब्बारों को फोड़ना शुरू कर दिया। घरातियों ने आपत्ति जाहिर की, तो दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। हाथापाई के साथ दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चलने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए किसी ने यूपी 100 पर सूचना दे दी। गांव पहुंचे पुलिसकर्मी ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।
गांव पहुंचे थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव के मुताबिक लोगों को समझाकर शांत कराने के साथ ही एहतियात के तौर पर दो पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वैवाहिक कार्य संपन्न कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।