आग से बुजुर्ग समेत दो झुलसे, महिला ट्रॉमा सेंटर रेफर
अंबेडकरनगर। आग की चपेट में आने से जहांगीरगंज में महिला और खेमापुर में एक बुजुर्ग झुलस गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत की गंभीरता को देखते डॉक्टर ने महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया है।
जहांगीरगंज निवासी रामरती (35) पत्नी राम पदारथ रविवार शाम चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान आग की चपेट में आ गई। कपड़ों में आग लगने पर महिला ने बचाव के लिए शोर मचाया। परिवारीजन दौड़े और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
उसे सीएचसी जहांगीरगंज ले गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर रामरती की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा है। उधर अहिरौली थानान्तर्गत खेमापुर निवासी मनीराम (62) रविवार रात घर के बरामदे में सोए थे।
परिवारीजनों के मुताबिक देर रात जलती हुई ढिबरी बिस्तर पर गिरने से उसमें आग लग गई। आग की लपटों में घिरे मनीराम ने मदद के लिए गुहार लगाई। शोर सुनकर दौड़े परिवारीजनों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर बनी हुई है।