अंबेडकरनगर। अहमदाबाद से घर लौट रहा एक युवक जहरखुरान गिरोह का शिकार हो गया। बुधवार सुबह वह अलीगंज थाना अंतर्गत इनमियापुर गांव के सड़क के किनारे बेहोशी हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बुधवार सुबह अलीगंज थाना अंतर्गत इनमियापुर गांव के कुछ ग्रामीण गांव के बाहर की तरफ गए, तो सड़क के किनारे उन्हें एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। आसपास के ग्रामीण भी इस दौरान मौके पर पहुंच गए।
इस बीच जानकारी होने पर अलीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी लेने पर उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अमरनाथ यादव (38) पुत्र शिवपूजन निवासी आसोपुर थाना अलीगंज के रूप में हुई। मौके पर मौजूद पेठिया गांव के रिंकू त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ बेहोश अमरनाथ को लेकर पहले सीएचसी गए, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस बीच पुलिस से मिली सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि अमरनाथ अहमदाबाद में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह बुधवार सुबह साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां पहुंचने पर उसने फोन कर बताया कि वह जीप से घर के लिए निकल रहा है। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा, तो तलाश शुरू कर दिया। उसका मोबाइल भी बंद था। इस बीच उन्हें पता चला कि वह बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। इस बीच अलीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि अमरनाथ के होश में आने के बाद ही घटना के बारे में जानकारी हो सकेगी।