टांडा। देश अत्यंत नाजुक दौर से गुजर रहा है। सरकारी संस्थाओं को एक के बाद एक कर निजी हाथों में बेचा जा रहा है। केंद्र सरकार या तो ऐसी संस्थाओं को चला नहीं पा रही या फिर जानबूझ कर कुछ उद्योगपतियों को निजी फायदा पहुंचाने को बतौर सौगात दे रही है। यह आरोप महाराष्ट्र सपा प्रभावी व वरिष्ठ सपा नेता अबू आसिम आजमी ने लगाया है। वह बुधवार को मोहल्ला सकरावल में आयोजित एक जनसभा में हिस्सेदारी कर रहे थे।
उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वायदा किया था, लेकिन देने की बजाए दो करोड़ से अधिक की नौकरी ही ले ली गयी। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। किसान परेशान है, तो युवा रोजगार के लिए इधर उधर भटक रहा है। सपा नेता ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार अंग्रेजों के नक्शे कदम पर चल रही है। अंग्रेज किसानों पर लाठी डंडे बरसाते थे, लेकिन भाजपा सरकार किसानों को वाहनों से कुचल कर मरवा रही है।
सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान व बुनकर दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने अल्पसंख्यकों से अपील की कि वह किसी के बहकावे में न आएं। समाजवादी पार्टी ही अल्पसंख्यकों की सच्ची हितैषी है। इस दौरान पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, शंखलाल मांझी, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।