अंबेडकरनगर। दो दिन की राहत के बाद शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के छह नए मामले सामने आए। ऐसे में जिले में अब तक 1808 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, मात्र 39 का ही जिले के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उधर, खराब मौसम के बीच शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे 39 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सामने आए छह नए मामलों के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1808 हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि मात्र 39 का ही अलग अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 1732 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण से अब तक जिले में 37 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें। इसे लेकर न सिर्फ खुद बल्कि दूसरों को भी जागरूक करें।
उधर, हांड़कंपाऊ ठंड के बीच जिला अस्पताल में शुक्रवार को भी आने वाले लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। सीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि लगातार बढ़ती ठंड के बीच कोरोना फैलने की आशंका को देखते हुए जिला अस्पताल में कोरोना की जांच का कार्य तेज कर दिया गया है। शुक्रवार को 39 लोग जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। डॉ. मनोज शुक्ला व डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने कोरोना प्रोटोकॉल के बीच नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।