अंबेडकरनगर। नवीन मंडी परिषद सिझौली में तैनात पीआरडी जवान ने मंडी सचिव पर अभद्रता व थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को वायरल एक वीडियो में पीआरडी जवान ने मंडी सचिव पर आरोप लगाते हुए कहा, साहब का कक्ष खोलने के लिए उसने चाभी लिपिक को दी तो मंडी सचिव ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए थप्पड़ मार दिया। उसने शिकायत दर्ज कराते हुए केस दर्ज करने की मांग की। उधर, मंडी सचिव ने आरोपों को मनगढ़ंत बताया।
वीडिया में एक व्यक्ति ने खुद का नाम रामसुरेश कोरी बताते हुए कहा कि वह पीआरडी जवान है और मौजूदा समय में उसकी तैनाती नवीन मंडी परिषद, सिझौली में मंडी सचिव कार्यालय पर है। कहा कि वह गुरुवार अपराह्न 2.45 पर शौच के लिए गया था। इसी बीच मंडी सचिव आ गए। वह शौचालय से बाहर निकला और हाथ गंदे होने की वजह से उनका कक्ष खोलने के लिए लिपिक को चाभी दे दी।
आरोप है कि इस पर मंडी सचिव भड़क गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए थप्पड़ मार दिया। पीआरडी जवान ने कहा कि उसने केस दर्ज कराने के लिए समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली पर आवेदन किया है। उधर, मंडी सचिव कुलभूषण वर्मा ने आरोपों को मनगढ़ंत बताया। कहा कि ड्यूटी सही से न करने के चलते उसे बुधवार को हटा दिया गया था। अब आरोप लगाए जा रहे हैं।