फोटो 15 ,अंबेडकरनगर के इस लोक निर्माण विभाग कार्यालय को किया गया सील।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रविवार को प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के खंडीय लेखाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पीडब्ल्यूडी कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया। साथ ही सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील कर दिए जाने से सोमवार को विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले व्यक्तियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, जिले में एक बार फिर से कोरोना वायरस ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। सोमवार को लेखाधिकारी समेत कोराना संक्रमण के छह नये मामले सामने आए। ऐसे में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1746 हो गई। मात्र 18 का ही अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सोमवार सुबह कोरोना संक्रमण की जांच रिपोर्ट आई तो पीडब्ल्यूडी कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दरअसल, जांच रिपोर्ट में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के खंडीय लेखाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव होने का मामला सामने आया। आननफानन में पीडब्लूडी कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया। साथ ही मुख्य गेट के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया कि एक अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के चलते कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील किया जाता है।
अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग शंकर्षणलाल ने खंडीय लेखाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यालय को 48 घंटे के लिए सील किया जाता है। मंगलवार को कार्यालय व परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को कार्यालय खुलेगा। उधर, सोमवार को कार्यालय बंद कर दिए जाने से विभिन्न कार्यों के लिए आने वालों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
उधर, जिले में कोरोना का प्रकोप धीरे-धीरे एक बार फिर से बढ़ने लगा है। बीते 13 व 14 नवंबर को जिले में एक भी कोरोना संक्रमित के सामने न आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली थी। ऐसा लगने लगा था कि अब शीघ्र ही जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। 15 नवंबर से एक बार फिर से कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आने लगे। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को कोरोना संक्रमण के छह नये मामले सामने आए।
खंडीय लेखाधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वह मौजूदा समय में लखनऊ स्थित आवास पर होम आइसोलेट हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1746 हो गई है। हालांकि, मात्र 18 मरीजों का ही इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने आम लोगों से आह्वान किया कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का शत-प्रतिशत पालन करें। एहतियात के आधार पर ही कोरोना को फैलने से रोका जा सकता है।