फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: बाढ़ में बहा संपर्क मार्ग, आवागमन हुआ बाधित

विज्ञापन
 राजेसुल्तानपुर के माझा कम्हरिया बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य अ​धिकारी  - संवाद
विज्ञापन
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। सरयू का पानी खतरे के लाल निशान तक पहुंच गया। इससे बुधवार को अराजी देवारा संपर्क मार्ग 15 फीट की दूरी में बाढ़ के पानी में बह गया। इससे अराजी देवारा, प्रसाद कुर्मी का पूरा व माझा कम्हरिया के लोगों को आवागमन में मुश्किल खड़ी हो गईं तो वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को पानी में घुसकर स्कूल तक जाने को मजबूर होना पड़ा। जलस्तर बढ़ने से माझा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक मजरों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
विज्ञापन

सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर ने अब लोगों की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। मंगलवार शाम छह बजे जहां सरयू नदी का जलस्तर 85 मीटर था तो वहीं बुधवार सुबह आठ बजे जलस्तर बढ़कर 85.19 मीटर हो गया। नतीजा यह रहा कि बाढ़ का पानी अराजी देवारा संपर्क मार्ग पर पहुंच गया। सुबह होते होते घुटने तक पानी बहने लगा। इससे सबसे अधिक मुश्किल उच्च प्राथमिक स्कूल जाने वाले छात्रों को हुई। उन्हें पानी में से होकर आवागमन करना पड़ा। इस मार्ग का एक हिस्सा पानी के दबाव में बह गया।
इसके साथ ही न सिर्फ अराजी देवारा बल्कि कुर्मी का पूरा व माझा कम्हरिया के लोगों को भी पानी में घुसकर आना जाना पड़ा। माना जा रहा है कि यदि इसी प्रकार से जलस्तर बढ़ता रहा तो संबंधित मार्ग पर नाव का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। अराजी देवारा के करिया लोनिया का पूरा, प्रसाद कुर्मी का पूरा, हंसू का पूरा तथा ग्राम पंचायत माझा कम्हरिया के पटपरवा, कल्लू का पूरा, बद्री का पूरा, सत्यनरायन का पूरा, रग्घू का पूरा, निषाद बस्ती व दलित बस्ती के ग्रामीणों की भी चिंता बढ़ गई है।
विज्ञापन



अलर्ट मोड में की गईं 11 नाव
सरयू नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अधिग्रहीत की गईं सभी 11 नाव व नाविकों को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। आलापुर एसडीएम कार्यालय के अनुसार माझा कम्हरिया के लिए सात जबकि अराजी देवारा के लिए चार नाव को अधिग्रहीत किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि बृहस्पतिवार से अराजी देवारा संपर्क मार्ग पर एक नाव का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।


बुलाई गई स्वास्थ्य टीम
बाढ़ को देखते हुए बुधवार को स्वास्थ्य व पशुपालन विभाग की टीम भी माझा कम्हरिया व अराजी देवारा पहुंची। एसडीएम आलापुर ने कहा कि शीघ्र ही अराजी देवारा के दर्शननगर बांध के निकट शिविर लगाया जाएगा। माझा क्षेत्र के ग्रामीणों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण होगा, जरूरत पड़ने पर आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा पशुपालन विभाग द्वारा न सिर्फ चारे की समुचित व्यवस्था की गई है बल्कि पशुओं को बीमारियों से बचाने को लेकर भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।


अधिकारियों ने लिया जायजा
एसडीएम आलापुर सदानंद सरोज ने तहसीलदार पदमेश श्रीवास्तव व खंड विकास अधिकारी अनिल कुशवाहा के साथ अराजी देवारा व माझा कम्हरिया पहुंचकर बाढ़ का जायजा लिया। एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि जलस्तर बढ़ता है तो संपर्क मार्ग पर नाव का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बाढ चौकियों का भी जायजा लिया। गोताखोरों को सक्रिय रहने का निर्देश भी दिया। साथ ही माझा क्षेत्र के ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि जरूरत पड़ी तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें