बैंक शाखाओं में कैश न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को तीन अलग-अलग जगहों पर मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। टांडा, महरुआ व जलालपुर में नाराज उपभोक्ताओं ने जहां मार्ग जाम किया, वहीं कई अन्य बैंक शाखाओं में उपभोक्ता पर्याप्त कैश न मिल पाने के संकट से दिनभर जूझते रहे। एटीएम सेवाओं ने भी बुधवार को उपभोक्ताओं का समुचित साथ नहीं दिया।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार हयातगंज स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा में बुधवार सुबह बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। उन्हें पता चला कि कैश नहीं है, इसके चलते धन-निकासी संभव नहीं है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बैंक प्रबंधन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए एकजुट हुए उपभोक्ताओं ने जुबेरगंज चौराहे पर जाम लगा दिया।
मार्ग जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम इंदुभूषण वर्मा मौके पर पहुंचे। शाखा प्रबंधक से वार्ता करने के बाद उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि गुरुवार को 20 लाख रुपये कैश बैंक को प्राप्त हो जाएगा। इसके बाद उपभोक्ताओं में वितरण किया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद लगभग एक घंटा चला जाम समाप्त हो सका।
महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार दस दिनों से बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से धन-निकासी न होने से बुधवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। नाराज उपभोक्ताओं ने बैंक के सामने प्रदर्शन करते हुए अकबरपुर-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। बैंक प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि कैश होने के बाद भी दस दिनों से धन-निकासी नहीं हो रही है।
जाम की सूचना मिलते ही एसओ अरशद सिद्दीकी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शाखा प्रबंधक अतुलकुमार योग से वार्ता की। शाखा प्रबंधक ने बताया कि एक लाख 40 हजार रुपये कैश है। ऐसे में 70 लोगों में दो-दो हजार का वितरण किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद लगभग 40 मिनट चला जाम समाप्त हो सका।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार कर्बला कासिमपुर स्थित बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में तीन दिनों से धन-निकासी न होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बैंक का शटर गिराकर बसखारी-जलालपुर मार्ग जाम कर दिया। कहा गया कि समुचित धन-निकासी न होने से उनके सामने विभिन्न प्रकार की आर्थिक समस्या खड़ी हो रही है।
तमाम शिकायत के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम विवेक मिश्र ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शाखा प्रबंधक से वार्ता करने के बाद कुछ उपभोक्ताओं में दो-दो हजार रुपये का वितरण हुआ। उधर, इसके अलावा जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न बैंक शाखाओं में दिनभर कैश की किल्लत बनी रही।
इसके चलते मामूली रकम का ही भुगतान ज्यादातर उपभोक्ताओं को किया जा सका। इस बीच बुधवार को एटीएम सेवाएं भी सुचारु ढंग से नहीं चल सकीं। ज्यादातर एटीएम से अभी भी धन-निकासी हो पाना बड़ी चुनौती बनी हुई है। एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बैंक शाखाओं व एटीएम की स्थिति पर पूरी तरह नजर है। इससे प्रतिनिधि उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा रहा है।