विद्यालय से लौटते समय धूप से बचने के लिए दुप्पटा ओढ़ीं छात्राएं।
अंबेडकरनगर। जिले में बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रविवार देर रात मौसम में आए अचानक बदलाव ने चंद पलों की राहत दी। रात करीब दो बजे के बाद तेज हवा के साथ मौसम में ठंडक घुली और सुबह हल्की बूंदाबांदी ने तापमान को नीचे गिरा दिया। हालांकि इसके बाद पूरा दिन तेज धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम तक बादलों की आवाजाही तो हुई, लेकिन इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला।
सोमवार सुबह जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हल्की फुहारों के साथ चलीं ठंडी हवाओं ने वातावरण को बेहद राहत भरा बना दिया। सुबह के समय लोग पार्कों व गलियों में टहलते हुए नजर आए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेतों की ओर काम करने निकले किसानों ने राहत की सांस ली। हालांकि जैसे जैसे दिन चढ़ना शुरू हुआ तो तेज धूप ने एक बार फिर परेशान करना शुरू कर दिया।
नगर के शिक्षक कॉलोनी, मालीपुर, शहजादपुर, अकबरपुर मुख्य बाजार, बस स्टैंड व मिर्जापुर इलाके में धूप के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में भी मौसम में आए बदलाव के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आलापुर, कटेहरी, जलालपुर, भीटी व बसखारी क्षेत्रों में भी तेज धूप और उमस के कारण खुले खेतों में काम करना मुश्किल हो गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के मुकाबले करीब दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस पूरे सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।