जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगपुर रोड स्थित मोहसिन पब्लिक स्कूल को बिना मान्यता कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाओं का संचालन करने पर खंड शिक्षा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने नोटिस जारी किया है।
खंड शिक्षा कार्यालय के अनुसार विद्यालय केवल कक्षा आठ तक की मान्यता प्राप्त है, इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं चलाई जा रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय को दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अवैध रूप से उच्च कक्षाओं का संचालन शिक्षा विभाग की नियमावली का उल्लंघन है। यदि नियत अवधि में उत्तर प्राप्त नहीं होता या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ-साथ विधिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विकास क्षेत्र में कोई भी विद्यालय बिना वैध मान्यता के संचालित नहीं होने दिया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया और मानकों का पालन सुनिश्चित कर ही किसी भी विद्यालय को उच्च कक्षाओं के संचालन की अनुमति दी जा सकती है।