अंबेडकरनगर। मानक से अधिक सवारियां ढोने पर निजी बसों पर कार्रवाई को लेकर रविवार को एआरटीओ व एआरएम की संयुक्त टीम ने अकबरपुर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान चार बसों का चालान किया गया और 44 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ ही अन्य बसों के संचालकों को निर्देशित किया कि यदि मानक से अधिक सामान बस से ढोया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
रविवार सुबह एआरटीओ सत्येंद्र यादव व एआरएम सीवी राम की संयुक्त टीम ने अकबरपुर नगर के नेवतरिया चौराहा के निकट वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उधर से गुजरने वाली निजी बसों को रोककर जांच की गई। एआरएम ने बताया कि इस दौरान चार निजी बस ऐसी मिलीं जो मानक से अधिक सवारियां ढो रही थीं। ओवरलोड होने के चलते चारों बसों का चालान किया गया। इसके साथ ही प्रत्येक पर 11-11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ ही अन्य बसों के संचालकों को चेतावनी दी गई कि यदि जांच में ओवरलोड मिलीं तो कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि एक दिन पहले ही शासन ने ऐसी निजी बसों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था जो मानक को ताक पर रखकर सड़कों पर ओवरलोड चल रही हैं। इसी के तहत रविवार को चेकिंग अभियान चला।