अंबेडकरनगर। जिले के संयुक्त सामुदायिक केंद्र अकबरपुर में लगभग 15 दिनों से सीबीसी के अलावा कई अन्य जांच की किट खत्म होने की खबर अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इससे तत्काल बाद अस्पताल को किट उपलब्ध करा दी गई। सीएमओ ने इस बीच सीएचसी पहुंचकर निरीक्षण भी किया।
अकबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक पखवाड़े से सीबीसी जांच में प्रयोग किए जाने वाले रीजेंट के खत्म होने से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही थी। इसके अलावा एक सप्ताह पूर्व टाइफाइड किट व दो दिन पूर्व डेंगू किट खत्म होने के कारण जांच के लिए मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा था। बृहस्पतिवार को खबर छपते ही यहां यहां किट पहुंच गई।
बृहस्पतिवार को सीएमओ ने अस्पताल पहुंचकर अस्पताल प्रभारी को निर्देश दिया कि सुचारू ढंग से जांच की जाए। अकबरपुर के सुनील ने अमर उजाला का आभार करते हुए कहा कि लगभग एक पखवाड़े से जांच न होने के चलते वापस जा रहे थे, अब जांच की सुविधा मिल सकेगी।