अंबेडकरनगर। आरपीएफ अकबरपुर की टीम ने सोमवार को सम्मनपुर थाना क्षेत्र में रेलवे के आरक्षित टिकट बनाकर ऊंचे दामों पर बेचने के मामले में एक जनसेवा केंद्र संचालक को दबोचा।
प्रभारी निरीक्षक जीएस गौतम व उनकी टीम ने सोमवार को सैदापुर चौराहा बाजार में निरीक्षण किया। मित्रसेन जनसेवा केंद्र के संचालक सचिन कुमार निवासी दुखवर परम रूदाइन थाना सम्मनपुर को अपने विभिन्न पर्सनल यूजर आईडी पर रेलवे आरक्षित ई-टिकटें बनाकर अधिक धन वसूलने के मामले में पकड़ा।
यह जरूरतमंद लोगों को प्रति टिकट 500 रुपये लेकर तत्काल और सामान्य टिकट के लिए 100 से 200 रुपये वसूलता था। उसके लैपटॉप की जांच के दौरान रेलवे की कई आरक्षित ई-टिकटें मिलीं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। संवाद