अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के चौबे के पूरा स्थित एक ईंट-भट्ठे पर सोमवार शाम मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
ईंट-भट्ठे पर बिहार के जनपद गया के परदेसी कुमार (23) मजदूरी करते थे। सोमवार की शाम परदेसी की मौत हो गई। इसकी जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि परदेसी कुमार की कुछ महीने पूर्व ही शादी हुई थी। शादी के बाद पथाई का काम शुरू होने पर पिता, माता रूना देवी, पत्नी प्रियंका देवी के साथ यहां आ गए थे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में थी, लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया। इस पर पंचनामा का शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक का बड़ा भाई हीरालाल दूसरे भट्ठे पर काम करता है। मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए, इसलिए पंचनामा करते हुए सुपुर्दगी दे दी गई।