जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली इलाके में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जैतपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर राजेपुर कोपा निवासी कपिल दुबे (25) मंगलवार शाम बाइक से अकबरपुर से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में जलालपुर कोतवाली इलाके में हाथी पार्क के पास ट्रैक्टर की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने कपिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया था, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मामले में मृतक के पिता चंद्रभान ने ट्रैक्टर चालक कौशल उर्फ जालिम निवासी मदरहा मगुराडीला के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। हादसे के दौरान मृतक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
मृतक के परिवार में पत्नी व एक डेढ़ साल का बच्चा है। एक भाई है जो प्राइवेट नौकरी करता है। हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।