अंबेडकरनगर। जिले के 85 केंद्रों पर 23 जनवरी को होने वाली टीईटी की तैयारी को लेकर डीएम सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम फिर से केंद्र व्यवस्थापकों तथा अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा को सुचारु ढंग से संपन्न कराने को लेकर एक-एक बिंदु पर डीएम ने विस्तृत समीक्षा की। कहा कि परीक्षार्थियों को हर हाल में निर्धारित समय से 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश कर लेना है। ऐसा न करने पर परीक्षा के लिए प्रवेश कतई नहीं दिया जाएगा। डीएम ने इसका सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। कहा कि प्रत्येक सेंटर पर दो पर्यवेक्षक व एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहकर परीक्षा को कुशलतापूर्वक संपन्न कराएगा।
डीएम ने कहा कि पहली पारी में परीक्षा प्राथमिक स्तर की 10 से साढ़े 12 बजे तक होगी, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर की द्वितीय पाली की परीक्षा ढाई बजे से पांच बजे तक होगी। इसमें प्रवेेश के लिए निर्धारित समय से 30 मिनट पहले सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में पहुंच जाना है। परीक्षा कक्ष को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पहले खोल दिया जाएगा। इसलिए जो परीक्षार्थी दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र के अंदर नहीं पहुंच जाता है उसे प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डीएम ने कहा कि 22 व 23 जनवरी को प्रवेश पत्र की फोटोकॉपी के साथ परिवहन निगम व सिटी बसों के परिचालक को दिखाकर स्थानीय परीक्षार्थी निशुल्क यात्रा कर सकते हैं। गैर जनपद के परीक्षार्थी यह यात्रा 22 से 24 जनवरी तक कर सकेंगे।
डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र में कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन या कागजात ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों का प्रवेश दिया जाए।