अंबेडकरनगर के जलालपुर में मतदाता जागरूकता रैली के जरिए लोगों को जागरूक करतीं महिलाएं।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जनता इंटर कॉलेज व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव के स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को रैली निकाल मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। रैली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करते हुए वापस विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इससे पहले छात्र-छात्राओं ने नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया। कहा कि सभी लोग मतदान के दिन अपने अपने बूथों पर पहुंचकर मतदान जरूर करें। एक एक मत राष्ट्र व समाज की बेहतरी सुनिश्चित करने में उपयोगी होता है।
प्रधानाचार्य अवनींद्र वर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बड़ागांव समेत कई अन्य स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कहा कि लोकतंत्र के चुनावी महापर्व में हर मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराए। एक बेहतर लोकतंत्र की स्थापना व उसकी मजबूती में एक एक मत के मायने होते हैं। इसलिए सारे कार्य छोड़कर मतदान को प्राथमिकता दें।
छात्र-छात्राओं ने नागरिकों से आह्वान किया कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए मतदाताओं को तमाम तरह के लालच देकर उन्हे बरगलाने की कोशिश करते हैं। यदि ऐसा कोई करे तो उसके बहकावे में कतई न आए। छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे भी लगाए। बाद में रैली विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। मौके पर जिला स्काउट आयुक्त रमेश कुमार, निशांत अहमद, श्वेता सिंह, श्रवण कुमार, अखिलेश, संजय व दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।