अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के निकट टांडा-रायबरेली एनएच मार्ग पर सम्मोपुर के पास शनिवार रात करीब 9:30 बजे यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 लोग सवार थे। दुर्घटना में राजे सुल्तानपुर निवासी राम सेवक (40) की मौत हो गई। वहीं करीब 25 यात्री घायल हो गए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर है।
आजमगढ़ से दिल्ली के लिए चलने वाली श्रीराम ट्रेवल्स की बस रात करीब 9:30 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। तभी अकबरपुर नगर के निकट टांडा-रायबरेली हाईवे पर सम्मोपुर के पास बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
घटना में बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकल गया। मौके पर पहुंची हाइड्रा मशीन से किसी तरह बस को सीधा किया गया। हादसे में करीब 25 यात्रियों को चोटें आईं हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे में घायल हुए यात्री
हाईवे पर बस पलटने से श्रीनिवास (45), नीरज यादव (26), योगेश (18), बदामा देवी (49), किरण (24) निवासी मड़वाई अतरौलिया आजमगढ़, सरिता (24), अजय शर्मा (26), सुषमा (22), लालमन (45) निवासी रामपुर इंडी पिंडी आलापुर, दिव्यांशु मौर्य (16) निवासी अतरौलिया आजमगढ़, रोहित राम (40) निवासी प्यारेपुर टांडा आदि को जिला अस्पाल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस ओमप्रकाश ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा पुलिस व प्रशासनिक अमला
अकबरपुर नगर के निकट बस पलटने की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया। डीएम अविनाश सिंह व एसपी डॉ. कौस्तुभ के साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एक-एक कर यात्रियों को किसी तरह बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। घटना से मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी होने पर सांसद रितेश पांडेय, विधायक रामअचल राजभर, भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर मदद की।