फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमीरों को छोड़ गरीबों के घरों पर चला बुलडोजर

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के शहजादपुर चौक के निकट हटाया जाता अतिक्रमण। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को दर किनार कर अफसरों ने शनिवार को अमीरों को छोड़ गरीबों के कच्चे घरों को ढहाने के लिए बुलडोजर चलवा दिया। इसके इतर तमाम ऊंची पहुंच वालों के अतिक्रमण के घेरे में आने वाले पक्के निर्माणों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। प्रशासन के इस दोहरे मापदंड को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन

जिले में सीएम योगी के निर्देश के बाद शुक्रवार से शुरू हुए अतिक्रमणरोधी अभियान के दूसरे दिन प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये को लेकर कमजोर तबके के लोगों का गुस्सा उफान पर दिखा। नगर के बीच तमसा पुल के बाद शहजादपुर की तरफ सड़क की पटरी पर घुमंतू धरिकार वर्ग के लोगों ने झोपड़ी डाल रखी है। बांस की डलिया व वैवाहिक मुकुट आदि बनाकर बेचने का कार्य करने वालों को पहले भी संचालित मुहिम में हटाया जा चुका है। इसके बावजूद एक बार फिर यह लोग कटीले तारों के पीछे अपनी झोपड़ी बना कर सपरिवार रहने लगे।
शनिवार को एसडीएम व सीओ के साथ अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर बुलडोजर लेकर वहां पहुंच गईं। अतिक्रमण रोधी टीम को देखते ही झोपड़ी में रहने वाले लोग आनन फानन में अपना सामान समेट कर हटने लगे। आरोप है कि इसके बावजूद अतिक्रमण विरोधी टीम के सदस्यों ने उनके सामानों को जबरन छीनकर गड्डे में फेंक दिया। इतना ही नहीं घास फूस व बांस से बनी झोपड़ी हटाने के लिए जेसीबी तक दौड़वा दी। इससे मौके पर मौजूद परिवारों की महिलाएं व बच्चे सबसे ज्यादा परेशान दिखे।
विज्ञापन

फोन आया और आगे बढ़ गई टीम
अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान फौव्वारा तिराहे के पास अतिक्रमण हटाने के बाद टीम चौक की तरफ आगे बढ़ी। तिराहे से चौक की तरफ कई दुकानों पर हुआ स्थायी निर्माण हटा दिया गया। टीम कार्रवाई कर ही रही थी कि इसी बीच अभियान में शामिल एक अधिकारी के मोबाइल की घंटी घनघनाई। अधिकारी सिर्फ सर सर बोलता दिखा। इसके बाद टीम में शामिल सभी अधिकारी व सदस्य लगभग 200 मीटर की दूरी पर बिना कोई अभियान चलाए शहजादपुर चौक पहुंच गए। यहां से सब्जी मंडी की तरफ एक बार फिर से प्रभावी अभियान चला। यहां कई दुकानों के स्थायी व अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से हटाया गया। यह चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर वह किसका फोन था, जिसके कारण अभियान के घेरे में आने वाले चंद खास लोगों को छोड़ा गया।
कहीं दिखा रहम तो कहीं ढाया सितम
दूसरे दिन के संचालित अतिक्रमण विरोधी अभियान में टीम पर मनमानी बरतने के आरोप भी लगे। नियमानुसार नाली के ऊपर तक जो भी स्थायी व अस्थायी निर्माण था उसे हटाया जाना था। इसके बावजूद टीम का जहां मन हुआ वहां नाली के ऊपर से अतिक्रमण हटाया गया और कुछ खास लोगों का निर्माण जस का तस छोड़ दिया गया। ऐसे तमाम अतिक्रमण फौव्वारा तिराहा से लेकर शहजादपुर चौक तक थे, जिन्हें हटाया जाना जरूरी था। इसके बाद भी गठित टीम ने इनकी तरफ देखा तक नहीं। कई दुकानदार ने कार्रवाई टीम के समझ अपनी बात रखते हुए इस पक्षपातपूर्ण कार्रवाई पर विरोध भी दर्ज कराया।
किसी के भी घर पर नहीं चला बुलडोजर
किसी के भी घरों पर बुलडोजर नही चला है। सीएम का आदेश संज्ञान में है। अतिक्रमण वाले क्षेत्र में जो भी होगा उस पर कार्रवाई होगी। घुमंतू प्रवृत्ति के लोगों ने अनाधिकृत ढंग से झोपड़ी डाल रखी थी। उसे हटाने के बाद बुलडोजर चलाकर अवशेष को साफ किया गया है।
विज्ञापन

पवन जायसवाल, एसडीएम सदर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें