अंबेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी ने सोमवार को स्थानीय पूर्वांचल क्षेत्रीय कार्यालय पर कटेहरी से प्रतीक पांडेय व टांडा से मनोज वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे पहले पूर्व में जलालपुर, अकबरपुर व आलापुर विधानसभा सीट से बसपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। ऐसे में अन्य प्रमुख राजनीतिक दलों को पीछे करते हुए बसपा ने सभी पांच सीटों से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए।
जिला मुख्यालय स्थित पूर्वांचल क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष अरविंद गौतम ने कटेहरी व टांडा विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से बसपा ने अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना के टिकट पर विधायक रह चुके पवन पांडेय के पुत्र प्रतीक पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही टांडा विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ बसपा नेता मनोज वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर दिया।
इससे पहले बीते दिनों ही बसपा ने आलापुर, जलालपुर व अकबरपुर विधानसभा सीट से भी अपना प्रत्याशी घोषित किया था। अकबरपुर विधानसभा सीट से चंद्रप्रकाश वर्मा, जलालपुर से राजेश सिंह, जबकि आलापुर विधानसभा सीट से केडी गौतम को चुनाव लड़ने की हरी झंडी दी गई है।