साबुकपुर व आसपास के गांवों की दस हजार की आबादी का सुचारु होगा आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र टांडा के आधा दर्जन से अधिक गांव की लगभग दस हजार की आबादी के लिए बड़ी राहत की खबर है। साबुकपुर गांव के मजरा कोटिया में जहांगीरगंज रजबहे पर 27 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण लगभग पूर्ण होने को है। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से इस पर आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को सुचारु आवागमन में व्यापक लाभ मिलेगा।
वर्ष 2023 की शुरुआत में जहांगीरगंज रजबहे पर कोटिया के निकट पुल के निर्माण को शासन ने मंजूरी प्रदान की थी। अवर अभियंता शिवा तिवारी ने बताया कि साढ़े 18 मीटर लंबे व छह मीटर चौड़े पुल के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सिंचाई खंड टांडा को सौंपी गई। लगभग 27 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण हुआ है।
दरअसल साबुपुर व उसके मजरा कोटिया के बीच जहांगीरगंज रजबहा पर मात्र एक संकरी पुलिया ही बनी थी। इस पर सिर्फ पैदल ही लोग आवागमन कर सकते थे। इससे साबुकपुर, सम्मोपुर बनियानी, उमरापुर, सोनहन समेत कई गांव के ग्रामीणों को एक दूसरे गांव जाने के लिए वाहन से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से रजबहा पर पुल का निर्माण किए जाने की मांग की जा रही थी। लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2023 में ग्रामीणों की मांग पूरी हुई और निर्माण प्रारंभ हो गया। अब यह निर्माण पूरा होने के करीब है।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
पंकज सिंह, दुर्गाप्रसाद, शैलेंद पांडेय व संग्राम मौर्या ने कहा कि लंबे समय से पुल के निर्माण की मांग की जा रही थी। अब वह पूरी हुई है। पुल का निर्माण न होने से एक मजरे से दूसरे मजरा या फिर एक गांव से दूसरे गांव तक जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इससे समय तो बर्बाद होता ही है साथ ही कई अन्य प्रकार की मुश्किलें भी होती हैं। अब जबकि पुल लगभग बनकर तैयार है तो ऐसे में इसके संचालन से इस प्रकार की मुश्किलें दूर हो जाएंगी। अनुराग पांडेय, कौशल पांडेय, कृष्णचंद्र सिंह, दुर्गाप्रसाद ने कहा कि कोटिया के निकट मिनी सचिवालय, बारात घर व ओवरहेड टैंक है। ऐसे में साबुकपुर के ग्रामीणों को इन स्थानों पर जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पुल के संचालन से इस प्रकार की मुश्किलें दूर हो जाएंगी।
शीघ्र शुरू होगा संचालन
पुल का निर्माण लगभग पूर्ण हो गया है। अप्रैल के दूसरे पखवारे से नवनिर्मित पुल से सुचारु आवागमन भी शुरू हो जाएगा। इसका लाभ स्थानीय निवासियों व अन्य लोगों को भी मिलेगा। -आनंद कुमार दुबे, सहायक अभियंता सिंचाई खंड टांडा