कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित हारीपुर गांव के पास शारदा नहर में नहाने गया एक बालक नहर में डूब गया। कई घंटे बीतने के बाद भी बालक का कहीं कुछ पता नही चल सका। सूचना पर अहिरौली पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद कोई सफलता नहीं मिल सका।
भीटी थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव निवासी मुकद्दर (14) पुत्र रामफूल तीन दिन पहले अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित चांदपुर महमूदपुर गांव निवासी अपने बहनोई सत्यनरायण के घर आया था। बुधवार को करीब 11 बजे दिन में गांव के कुछ और बालकों के साथ माइनर में स्नान करने के लिए गया था। माइनर में स्नान करते-करते बच्चे बगल से गुजर रही शारदा सहायक नहर में भी डुबकी लगाने के लिए छलांग लगा दी। साथ में छलांग लगाने वाले अन्य बालकों को तैरना आता था, वह बाहर निकल गए। परंतु मुकद्दर तैर नहीं पा रहा था, वह नहर के तेज पानी में बह गया। साथ नहा रहे बच्चों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, और मुकद्दर के बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
घटना की जानकारी होने पर परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। सूचना अहिरौली व डायल 112 पुलिस टीम को भी दी गई। घंटों खोजबीन के बाद भी मुकद्दर का कहीं कुछ पता नहीं चला। इससे परिवारीजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अहिरौली थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि बालक के डूबने की खबर मिली है। तलाश कराई जा रही है। टांडा से गोताखोर बुलाया गया है। सफलता मिल जाएगी। (संवाद)