पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद कुछ लोग भिदूड़ तालाब की तरफ गए हुए थे। उन्हें तालाब में एक अधेड़ का शव उतराता दिखाई पड़ा। यह देख उनमें सनसनी फैल गई। देखते ही देखते काफ संख्या में आसपास के गांवों के लोग तालाब के निकट एकत्र हो गए।
शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि उसकी अन्यत्र हत्या कर यहां लाकर डाल दिया गया है। ग्रामीणों ने बसखारी पुलिस को सूचना दी लेकिन किछौछा में निकले चेहल्लुम के जुलूस में व्यस्तता के चलते पुलिसकर्मी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंच सके। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश भी पनपने लगा।
बाद में पहुंची पुलिस ने पहचान के लिए कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। काफी देर तक शव की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ बेचू सिंह ने देर शाम बताया कि अन्य पुलिसकर्मियों को भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। बताते चलें कि बीते दिनों विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह में हुए सालान उर्स, दीपावली व अब चेहल्लुम के चलते दरगाह में दर्शन के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यह व्यक्ति भी दरगाह पर दर्शन करने के लिए आया रहा होगा। आशंका है कि हत्या कर उसके शव को तालाब में लाकर डाल दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि प्रकरण की जानकारी कराई जा रही है।