अंबेडकरनगर। सम्मनपुर पुलिस टीम ने छापा मारकर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से चोरी की चार बाइकें भी बरामद की हैं। बाद में आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
सम्मनपुर थानाध्यक्ष सूबेदार यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हीरालाल यादव, सिपाही अवधनारायण यादव, पवन चतुर्वेदी, वेदप्रकाश सोनी, मनि कुमार, रिजवान व सर्वेशराम आदि की टीम शनिवार की रात कमाल तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरों का गिरोह चोरी की बाइक लेकर बरियावन से पट्टी चौराहे की तरफ आ रहा है। इस पर सम्मनपुर पुलिस टीम ने तत्काल सुल्तानगढ़ पुल के आगे परस कटुई मोड़ पर पहुंच कर घेराबंदी की। मौके पर पहुंचे युवकों से पुलिस ने रोककर पूछताछ की। उनके पास चोरी की बाइक मिली।
आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनकी पहचान आदित्य सोनी उर्फ अभयराज सोनी, अनुराग गुप्त निवासी सुल्तानगढ़, साहिल निवासी असौवापार, मोहरई, नेपाल राजभर निवासी कजपुरा थाना सम्मनपुर के रूप में हुई। एक अन्य आरोपी कंबर निवासी जाफराबाद थाना जलालपुर फरार हो गया। आरोपियों के पास से चोरी की चार बाइकें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करते हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर जेल भेज दिया।