अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट पर अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान विभिन्न प्रकार की मुश्किलों से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। धान बिक्री में जहां मुश्किलें उठानी पड़ीं, तो वहीं गन्ना किसानों का अभी भी शत-प्रतिशत भुगतान नहीं हो सका है। खाद व बीज के लिए किसान इधर-उधर भटक रहे हैं तो खेतों में खड़ी फसल को छुट्टा मवेशी बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
धरने की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष बृजेश यादव ने कहा कि किसानों के हित की बातें तो सभी राजनीतिक दल बढ़-चढ़कर करते हैं, लेकिन इसे जमीनी हकीकत देने को लेकर जिम्मेदार पूरी तरह से मौन साधे रहते हैं। किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर वादे तो किए जाते हैं, लेकिन यह कैसे होगी, इसे लेकर कोई रणनीति नहीं तैयार की जाती है। कहा कि खाद व बीज के लिए किसान इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। समितियों से खाद नदारद है। ऐसे में किसानों को निजी दुकानों से अधिक दाम में खाद लेनी पड़ रही है।
चलाकूपाल, मनोज कुमार, कृष्णा यादव, अंकित यादव, भागीरथी, रामदयाल ने कहा कि धान खरीद में बरती जाने वाली लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ा है, जबकि गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान अब तक नहीं हो सका है। इससे किसानों को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि खेतों में खड़ी फसल को आवारा पशु बर्बाद कर रहे हैं। इससे किसानों को मुश्किलें हो रही हैं। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।