अंबेडकरनगर। जिले के 16 केंद्र पर नौ जून रविवार को सीसीटीवी कैमरे की निगाह में बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें दो पालियों में आठ हजार से अधिक युवाओं शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह ने नोडल अधिकारी, केंद्राध्यक्ष व अन्य के साथ बैठक कर समीक्षा की।
डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि तेज गर्मी को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा कक्ष के बाहर शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाए। सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से दुरुस्त कर लिए जाएं। सभी कक्षों में पंखे दुरुस्त होने चाहिए। परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं होनी चाहिए। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि परीक्षा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कहा कि प्रत्येक केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल, दो कांस्टेबल व दो महिला कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी।
डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि नौ जून को 16 केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा में आठ हजार 124 युवा भागीदारी करेंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
डीआईओएस ने बताया कि आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा, बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, टीएन पीजी कॉलेज टांडा, बाबा बरुआदास इंटर कॉलेज परुइया आश्रम, बाबा बरुआदास पीजी कॉलेज जलालपुर, एचटी इंटर कॉलेज टांडा, जनता इंटर कॉलेज जलालपुर, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा, नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज जलालपुर, कौमी इंटर कॉलेज टांडा, रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, एसबी नेशनल इंटर कॉलेज बसखारी, संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर, सरदार पटेल इंटर कॉलेज लारपुर व बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर केंद्र पर बीएड प्रवेश परीक्षा होगी।