महरुआ। स्थानीय थाना क्षेत्र के आनंदनगर चौराहे पर संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में नेटवर्क दिक्कत के चलते चार दिन से लेनदेन का कार्य ठप है। इससे बैंक आ रहे उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक कर्मचारी प्रतिदिन यही कहते हैं कि जल्द ही गड़बड़ी दूर कर ली जाएगी। परन्तु व्यवस्था सुचारु न होने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
आनंदनगर चौराहे पर बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा संचालित है। चार दिन पहले आकाशीय बिजली गिरने से टावर में गड़बड़ी आ गई, इसके चलते बैंक शाखा में नेटवर्क का संकट खड़ा हो गया। बैंक में लेनदेन का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ता निराश होकर लौट रहे हैं। धन निकासी न होने से उपभोक्ताओं को काफी मुश्किल हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में बैंक शाखा होने के चलते इस शाखा में किसानों के खाते अधिक हैं। मौजूदा समय में किसानों को पैसे की सख्त जरूरत है।
खेत जुताई, धान रोपाई व खाद आदि के लिए उन्हें नकदी की जरूरत बनी हुई है। इस बीच बैंक से पैसा न निकल पाने से उपभोक्ता परेशान हैं। प्रतिदिन 100 से अधिक उपभोक्ता निराश होकर लौट रहे हैं। उपभोक्ता जयप्रकाश, मनीष तिवारी, प्रवेश कुमार व राजेंद्र आदि का कहना है कि चार दिन से बैंक कर्मी यही कह रहे हैं कि जल्द गड़बड़ी दूर हो जाएगी। परंतु ऐसा नही हो रहा है। समय बीतने के साथ ही मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उधर प्रबंधक नीतीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गड़बड़ी दूर कराने का प्रयास चल रहा है। जल्द ही व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।