अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद में आउट सोर्सिंग से तैनात सफाई कर्मियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन कर हक की आवाज बुलंद की। उन्होेंने कहा कि उन्हें हटाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। यदि ऐसा होता है, तो इससे वे बेरोजगार हो जाएंगे, जिससे उनके समक्ष आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। चेतावनी दी कि यदि उन्हें नौकरी से हटाया गया, तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मी अजय कुमार, मनोज, आशा देवी, मालती, राधा, साधना, महमूद, सुशीला, फूलजहां, रामभजन, संगीता व विजय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई कर्मी के पद पर उनकी तैनाती आउट सोर्सिंग से हुई थी। वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ निभा भी रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नौकरी से हटाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। यदि ऐसा होता है, तो इससे न सिर्फ वे बेरोजगार हो जाएंगे, बल्कि उनके समक्ष आर्थिक मुश्किलें भी खड़ी हो जाएंगी।
सफाई कर्मियों के हित को देखते हुए नौकरी से हटाए जाने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। बाद में शिकायत संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।