जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में बीएन इंटर कालेज मैदान में राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को पूल ए की बलिया व पूल बी की बहराइच के बीच फाइनल मैच हुआ।
शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ी फुटबाल को एक दूसरे के गोल पोल में डालने का प्रयास करते रहे। कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ी फुटबाल लेकर एक दूसरे के डी में पहुंचे, लेकिन उसे गोल में परिवर्तित नहीं कर सके।
पहले हाफ का खेल बराबरी पर छूटा। दूसरे हाफ का खेल प्रारंभ हुआ, तो एक बार फिर से दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांटे के मुकाबले ने वहां मौजूद लोगों में रोमांच भर दिया। खेल समाप्त होने का रेफरी ने संकेत दिया, तो दोनों टीमें बराबर पर रहीं। कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
अब फैसला पेनाल्टी शूट आउट के जरिए कराए जाने का निर्णय लिया गया। दोनों टीमों को पांच पांच पेनाल्टी शूट करने के लिए कहा गया। इसमें बलिया की टीम ने बाजी मारी। बलिया ने पांच में चार, जबकि बहराइच तीन गोल कर सकी। इस प्रकार बलिया की टीम ने एक गोल से फाइनल मुकाबला जीतकर ट्राफी पर कब्जा किया।
इससे पहले खेल का शुभारंभ राष्ट्रीय कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषणशरण सिंह ने खिलाडिय़ों का परिचय लेकर किया। कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में हार जीत की चिंता किए बगैर प्रतिभाग लेना चाहिए। हार जीत तो एक ही सिक्के के दो पहलू होते हैं।
कहा कि फुटबाल में भी बेहतर संभावनाएं हैं। ऐसे में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में सभी को बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। बाद में विजयी टीम के खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय व महाराष्ट के पूर्व मंत्री व विधायक नसीम खां ने भी खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।