जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रहे राज्यस्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट में अब तक लीग में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही बलिया की टीम का आक्रामक प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को मुकाबला बलिया व आगरा के बीच हुआ। शुरुआत से ही बलिया की टीम पूरी तरह आगरा पर हावी रही।
आगरा के खिलाड़ियों को कुछ मौके मिले, लेकिन उसे गोल में परिवर्तित करने में नाकाम रहे। नतीजा यह रहा कि मैच समाप्त होने पर बलिया तीन गोल कर चुकी थी। आगरा एक भी गोल नहीं कर सकी। बलिया के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गोल पहले हाफ में, जबकि दूसरे हाफ में दो गोल किया।
सांसद श्री पांडेय ने खिलाड़ियों का परिचय लेते हुए कहा कि खेलों में भी बहुत सी संभावनाएं हैं। तमाम प्रतिभाएं ऐसी हैं, जो गांव से निकलकर देश का नाम रोशन किया है। कहा कि स्पोर्टसमैन कभी हताश नहीं होता। हार जीत उसके सामने कोई मायने नहीं रखती। एक स्पोर्टसमैन में सदैव सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का जज्बा होता है।
इसलिए हार जीत की परवाह किए बगैर ही उन सभी को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। जिसे जीत हासिल होती है, उसे चाहिए कि वह अपनी इस सफलता को आगे भी बरकरार रखे और जिसे हार मिलती है, उसे चाहिए कि वह आगे की प्रतियोगिताओं में और अच्छी तैयारी के साथ मैदान में उतरे।
कहा कि केंद्र सरकार प्रतिभाओं को निखारने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है। ऐसे में इसका उन सभी को बढ़ चढ़कर लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान एसोसिएशन संरक्षक व पूर्व विधायक पवन पांडेय, अध्यक्ष अरशद खान, सभाजीत वर्मा, प्रभात यादव, दयाशंकर पांडेय, नाजिम हुसैन, अली अस्करी नकवी, राकेश सोनकर, गिरजा शंकर सिंह, देवानंद वर्मा, संजीव कुमार, आसिफ अली आदि मौजूद रहे।