ईद की विशेष नमाज अदा करने को लेकर रंग रोगन व साफ सफाई का कार्य भी गुरुवार देर सायं तक पूरा हो गया। उधर सामानों की खरीदारी के लिए सुबह से ही जिला मुख्यालय सहित अन्य छोटी बड़ी बाजारों में पहुंचना प्रारंभ हो गया जो देर शाम तक चलता रहा। बकरे की भी खरीददारी लोगों ने जमकर की।
शुक्रवार को मनाए जाने वाले ईदुल अजहा को लेकर लोगों में एक दिन पूर्व ही जबरदस्त उत्साह रहा। बच्चों व युवाओं में ज्यादा उत्साह रहा। उधर ईद की विशेष नमाज अदा करने को लेकर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थति मस्जिदों व ईदगाहों की विशेष साफ सफाई व रंगरोगन का कार्य भी गुरुवार देर सायं तक पूर्ण कर लिया गया।
अकबरपुर फैजाबाद मार्ग पर स्थित जिले की सबसे बड़ी ईदगाह में नमाज अदा करने को लेकर भी तैयारियां एक दिन पूर्व ही पूर्ण कर ली गईं। कमेटी से जुड़े अजमल कुरैशी ने बताया कि विस्तारीकरण के बाद ईदगाह में 5 हजार से अधिक लोग एक साथ नमाज अदा कर सकेंगे।
इसके अलावा अकबरपुर शिया जामा मस्जिद भी ईद की नमाज के लिए गुरुवार को तैयार कर दिया गया। उधर पर्व से एक दिन पूर्व जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी बड़ी बाजारों में विभिन्न सामानों की खरीददारी के लिए सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
जो देर शाम तक चलता रहा। कोलकाता के कुर्ते के अलावा लखनऊ के कुर्ते की लोगों ने जमकर खरीददारी की। इसके अलावा चप्पल व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीददारी की। इसके अलावा एक दिन पूर्व भी लोगों ने बकरों की जमकर खरीददारी की।