अंबेडकरनगर। करोड़ों रुपये की भूमि हड़पने व युवक की हत्या कर देने के बहुचर्चित मामले में आरोपी दो महिलाओं की जमानत अर्जी जनपद न्यायाधीश रामसुलीन सिंह ने मंगलवार को खारिज कर दी।
बीते दिनों अकबरपुर कोतवाली में नासिरपुर बरवां निवासी अजय सिंह हत्याकांड का एक बहुचर्चित मामला सामने आया था। अजय की मां चंपा देवी ने पूर्व विधायक पवन पांडेय सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों पर पुत्र के नाम दर्ज करीब आठ करोड़ रुपये की भूमि का मनमाने तरीके से बैनामा कराने व उसके बाद साजिश के तहत हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
इस मामले में एसटीएफ पूर्व विधायक को जेल भेज चुकी है। कोतवाली पुलिस टीम ने कई आरोपियों को जेल भेजा था। इसी मामले में शीला सिंह व रेखा सिंह निवासी नासिरपुर बरवां भी जेल में बंद हैं। मंगलवार को जमानत के लिए दोनों आरोपियों ने प्रार्थना पत्र दिया। जनपद न्यायाधीश रामसुलीन सिंह ने आरोपी महिलाओं की जमानत अर्जी खारिज कर दी। (संवाद)