हजपुरा (अंबेडकरनगर)। अमरतल मोड़ से हजपुरा बाजार के पूर्वी छोर पर सुरक्षा के लिए बने स्पीड ब्रेकर दुर्घटना का सबब बने हुए हैं। दरअसल सुरक्षा के लिए बनाए गए इन स्पीड ब्रेकरों की ऊंचाई व मोटाई इतनी ज्यादा है कि यहां से गुजरने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों को खासी मुश्किल होती है। ज्यादातर ब्रेकरों पर संकेतांक भी नहीं है। ऐसे में कई बार चालकों के ध्यान न देने पर बाइक व चार पहिया वाहन ब्रेकर पर उछल जाते हैं। जिससे वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं।
मालूम रहे कि अकबरपुर जलालपुर मुख्य मार्ग पर अमरतल मोड़ से हजपुरा बाजार के पूर्वी छोर तक दुर्घटना रोकने के लिए कई स्पीड ब्रेकरों का निर्माण हुआ है। ये स्पीड ब्रेकर सामान्य ब्रेकर से काफी ऊंचे व मोटे हैं। उस पर भी सांकेतिक पेन्टिंग का कार्य भी अभी तक नहीं हो सका है। ब्रेकरों पर पेंटिंग आदि कार्य न होने से कई बार चालक यह समझ पाने में असफल होते हैं कि यहां ब्रेकर बना है। ऐसे में जब तक उन्हें ब्रेकर होने की जानकारी होती है तब तक वाहन ब्रेकर को पार कर जाते हैं।
गति तेज होने से वाहन चालक अनियंत्रित हो जाते हैं। इससे किसी तरह से चालकों को वाहन व खुद को संभालना पड़ता है। कुछ माह पूर्व ही हजपुरा बाजार के पूर्वी छोर पर कजपुरा मोड़ पर स्थित ऊंचे ब्रेकर को पार करने के दौरान झटका लगने से बाइक पर पीछे बैठी महिला नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई। सोमवार की देर शाम भी अलमापुर मोड़ पर बने ब्रेकर पर एक युवक की बाइक अनियंत्रित हो जाने से पीछे बैठी महिला बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय प्रमोद तिवारी, प्रदीप सोनी, इरशाद हाशमी, पारसनाथ, रवि प्रकाश व विनोद कुमार आदि ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि स्पीड ब्रेकर का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं हुआ है। उस पर भी न तो पेंटिंग का कार्य कराया गया और न ही कोई संकेत दिया गया। ऐसे में यहां दुर्घटनाओं की संभावना काफी ज्यादा बन गई है। नागरिकों ने अविलंब पेंटिंग आदि का कार्य कराए जाने की मांग की।