भीटी (अंबेडकरनगर)। तहसील भीटी सभागार में शनिवार को पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ हुआ। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जानकारी देने के साथ ही योजना के संचालन में दायित्वों का निर्वहन करने लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी हरिओम पांडेय ने 212 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने को कहा।
मुख्य अतिथि ने फीता काटकर पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ किया। कहा कि पोषण पखवाड़ा के जरिए महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए कार्यकर्ता प्रेरित करें। उन्हें पोषण के बारे में जानकारी दें। कहा कि खाने के स्वस्थ्य आदतों को बढ़ावा देने से ही महिलाओं को स्वास्थ्य बेहतर हो सकेगा। 9 मार्च से 23 मार्च तक पोषण पखवाड़ा मनाया जाएगा। ऐसे में इसके उद्देश्यों को पूरा करने में संबंधित लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
मुख्य अतिथि ने पांच गर्भवती की गोदभराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया। एमएलसी ने विकासखंड भीटी अंतर्गत 212 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने की बात कही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रंगोली के माध्यम से पोषण पखवाड़ा का संदेश दिया। दौरान एसडीएम मोहनलाल गुप्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश मिश्र, सीडीपीओ भीटी फूल कुमार, सीडीपीओ टांडा राजेश यादव, प्रभारी सीडीपीओ कटेहरी स्वर्णलता सिंह, मुख्य सेविका इंद्रावती समेत कई आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।