राजेसुल्तानपुर में कबड्डी मुकाबले के दौरान विपक्षी पर दांव आजमाते खिलाड़ी।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के सिरसिया में बृहस्पतिवार शाम को आयोजित एकदिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अयोध्या और हैदराबाद के बीच खेला गया। इसमें अयोध्या ने 8 अंकों के अंतर से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया।
कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को युवा सपा नेता राहुल दत्त यशवर्धन ने किया। उद्घाटन मैच राजेसुल्तानपुर और मुकुंद बाबा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें राजेसुल्तानपुर ने 34-18 से जीत हासिल कर पहला मुकाबला 16 अंकों से अपने नाम किया।
सेमीफाइनल मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। पहले सेमीफाइनल में राजेसुल्तानपुर और अयोध्या के बीच कांटे का मुकाबला हुआ, जिसमें अयोध्या की टीम ने दो अंकों के अंतर से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में लटघाट और हैदराबाद आमने-सामने आए, जिसमें हैदराबाद ने 32-27 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला निर्धारित 30 मिनट के भीतर खेला गया। अयोध्या की टीम ने 35 अंक स्कोर बनाकर खिताब अपने नाम किया, जबकि हैदराबाद को 27 अंक पर संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता अयोध्या और उपविजेता हैदराबाद के खिलाड़ियों को आयोजक मंडल के जसवीर ने मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मनोज जायसवाल, विशाल प्रजापति, राकेश बर्मा, शुभम यादव, अजीत वर्मा, सचिन यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।