अंबेडकरनगर। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सूर्यपाल वर्मा मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शनिवार को अयोध्या ने नेपाल को तीन विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि डॉ. विजय तिवारी ने मैदान पर पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
सुबह टॉस जीतकर अयोध्या के कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम 19.3 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
नेपाल की ओर से प्रिंस ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। 124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अयोध्या की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज विकास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के गेंदबाजों की एक न चलने दी।
विकास ने सात छक्कों और पांच चौकों की मदद से नाबाद 74 रन की पारी खेली। उनके साथ शिवेंद्र ने 15 रन बनाए। अयोध्या की टीम ने 15.2 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आनंद वर्मा, ललित मोहन श्रीवास्तव, राकेश सोनकर, संजय श्रीवास्तव, प्रेमनारायण तिवारी, संतोष मिश्रा, अनुराग उपाध्याय, सुधीर चतुर्वेदी, विक्रम सिंह उपस्थित रहे।