अंबेडकरनगर। छह वर्षों से जलभराव की समस्या से परेशान अटवाई अंडरपास मार्ग पर शुक्रवार को उत्पन्न विवाद आखिरकार शनिवार को प्रशासन की सक्रियता से सुलझ गया। दो किसानों ने अपने खेत से जाने वाले वैकल्पिक रास्ते को बंद कर दिया था। जिसके बाद शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बातचीत कर रास्ता खुलवाया।
अटवाई, चिरकिटहा, अमसिन, धारूपुर, समसुद्दीनपुर, मुरीदपुर, दरवन सहित करीब 25 गांवों के लोग बीते छह वर्षों से अटवाई अंडरपास में जलभराव के कारण सुरेश पांडेय व रमेश पांडेय के खेत से होकर आवागमन करते आ रहे थे। शुक्रवार को दोनों किसानों ने अपने खेत पर बांस कोठी, झाड़ियां, पत्थर आदि रखकर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। ग्राम प्रधान जयप्रकाश पटेल ने मामले की जानकारी तत्काल एसडीएम भीटी धर्मेंद्र कुमार को दी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार के के मिश्रा व थाना अध्यक्ष सुनील पांडेय शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसानों से वार्ता की गई और रास्ता खोलने का अनुरोध किया गया।
प्रशासन के आश्वासन पर दोनों किसानों ने रास्ता खोलने पर सहमति दे दी। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।