अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों व कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित बच्चों के लिए संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए आवेदन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि जनपद अयोध्या की रुदौली तहसील के ग्राम अमराई में संचालित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 में 160 तथा कक्षा 9 में 140 विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। दोनों कक्षाओं में छात्र-छात्राओं का अनुपात 50-50 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। कक्षा 6 के लिए अभ्यर्थियों की जन्म तिथि 1 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के बीच तथा कक्षा 9 के लिए 1 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग श्रेणी के पात्र बच्चों को शासन के नियमों के अनुसार आरक्षण की सुविधा मिलेगी।
प्रवेश परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। कक्षा 6 के लिए मानसिक क्षमता, अंकगणित और भाषा की परीक्षा होगी, जबकि कक्षा 9 के लिए अंग्रेजी, हिंदी, गणित और विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।