अंबेडकरनगर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित कोचिंग में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 15 अप्रैल तक आवेदन समाज कल्याण विभाग कार्यालय में ऑफलाइन जमा होंगे। इसके बाद जून में प्रवेश परीक्षा का आयोजन होगा। इसके आधार पर चयन किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में नीट, जेईई, बीएन पीजी कॉलेज में सिविल परीक्षा की तैयारी व जीआईसी अकबरपुर में एसएससी व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है।
इसमें यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एसएससी, एनडीए, सीडीएस, बैंक पीओ, टीजीटी, पीजीटी, सीयूईटी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। इसके लिए इंजीनियरिंग कॉलेज के अभ्युदय कार्यालय में आवेदन पत्र मुहैया कराए गए हैं।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज के अलावा सभी ब्लॉक के एडीओ या ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण विभाग से भी आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा कोऑर्डिनेटर संजय सिंह से मो.नं.9889443760 के साथ 7897179177, 7317258687 पर कार्यालय अवधि में संपर्क कर जानकारी ली जा सकती है। जेईई नीट की तैयारियों के लिए प्रवेश परीक्षा आठ जून को सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगी, जबकि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 15 जून को परीक्षा होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल ने बताया कि 20 जून को परिणाम घोषित होगा व एक जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी।