अंबेडकरनगर। अकबरपुर ब्लॉक के सहनेमऊ गांव की रहने वाली समूह सखी सरिता ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की। कम शिक्षित होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और स्वयं के साथ दूसरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की ठानी। पांच साल से लगातार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं। अब तक वह 13 समूह बना चुकी हैं।
इन समूहों से जुड़कर 100 से अधिक महिलाएं स्वरोजगार की राह पर हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर कर रही हैं।
सहनेमऊ गांव की सरिता को अपनी जिंदगी में बेहतर करने की इच्छा हुई तो लोगों से सलाह लेनी शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें किसी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में बताया। बस फिर क्या था, यहीं से सरिता के जीवन की कहानी बदल गई। उन्होंने बताया कि पहले खुद समूह से जुड़ीं और गांव में पहले समूह का संचालन शुरू किया। उन्होंने ब्यूटीशियन का कोर्स कर खुद का ब्यूटी पार्लर खोला। किस्मत ने भी उनका खूब साथ दिया। शुरुआत में तो थोड़ी कठिनाई जरूर हुई, लेकिन बाद में सबकुछ बेहतर हो गया।
आज सरिता की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार है और गांव में लोगों के लिए भी नजीर बनीं हैं। सरिता ने गांव की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की और धीरे-धीरे उन्होंने 13 समूह का गठन करा दिया।
इसके बाद समूह से जुड़कर महिलाएं अब खुद का रोजगार कर रही हैं। इससे आर्थिक दशा में सुधार तो हुआ ही है, समाज में सम्मान भी बढ़ा है। सरिता के पिता सामान्य किसान हैं। वह अब ब्यूटी पार्लर के माध्यम से भी महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं।