बसखारी। टीकाकरण करने जा रही एएनएम सड़क हादसे में घायल हो गईं। आननफानन उन्हें सीएचसी बसखारी पहुंचाया गया, जहां इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार सीएचसी बसखारी पर तैनात एएनएम विट्टन प्रभा गौतम पत्नी अमरेंद्र निवासी संतकबीरनगर बुधवार को अपनी कार से ग्राम पंचायत मोतिगरपुर में टीकाकरण करने जा रही थीं।
इसी बीच एनएच 233 पर पहुंचने पर टांडा की तरफ से आ रही ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एएनएम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कार का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर उपनिरीक्षक अनिल वर्मा मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल एएनएम को सीएचसी बसखारी पहुंचाया। प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)