हसंवर थाना क्षेत्र मे ंपशुतस्करों के पास से पकड़ा गया वाहन - स्रोत पुलिस
अंबेडकरनगर। पशुतस्करों ने घेराबंदी में पकड़े जाने से बचने के लिए मंगलवार रात हंसवर थानाक्षेत्र में पुलिसकर्मियोंं पर फायरिंग कर दी। कई चक्र फायरिंग का जवाब पुलिस ने भी फायरिंग कर दिया। तस्करों को पकड़ने के लिए कई थानों की फोर्स ने घेरा बंदी की तो बदमाश पशुओं से लदा वाहन छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस कर्मियोंं पर हुई फायरिंग का केस हंसवर थाने में देर रात दर्ज किया गया।
पशुतस्करों को पकड़कर उनका नेटवर्क ध्वस्त करने की खास मुहिम जनपद पुलिस ने पिछले दो दिनों से चला रखी है। इसी क्रम में मंगलवार रात कई पुलिस टीमें टांडा तहसील क्षेत्र में सक्रिय थीं। जबकि अन्य तहसीलों के थाने भी पशुतस्करी की गतिविधि रोकने व उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटे थे। आधी रात करीब इब्राहिमपुर एसओ को अलीगंज रेलवे क्राॅसिंग के पास वाहन पर पशुतस्कर दिखे। उन्होंने पीछा करने के साथ वायरलेस पर अधिकारियोंं व अन्य थानों को जानकारी दी।
इसी बीच तस्करों को पुलिस के पीछा करने की भनक लग गई। वे वाहन को तेजी से लेकर बसखारी की तरफ भागे। पकड़े जाने से बचने के लिए तस्करों ने इस बार पत्थर फेंकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने घेराबंदी की तो तस्कर हंसवर थानाक्षेत्र के खजवा ताल के पास पिकअप छोड़कर भाग निकले। उसमें मिले पशुओं को पुलिस ने ग्रामीणोंं के हवाले कर दिया। देर रात अलीगंज थाना प्रभारी की तरफ से अज्ञात बदमाशोंं के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
रातभर चली कांबिंग, पकड़े कई संदिग्ध
पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर तस्करोंं के फरार हो जाने के बाद कई टीमों ने अलग-अलग थानाक्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में छापा डालकर कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। खबर है कि तस्करों से संबंध होने के शक में पूछताछ करने के दौरान सख्ती भी बरती गई। एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय ने बताया कि पशुतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पशुतस्करी रोकने के लिए अहम कदम उठाए जा रहे हैं।